आगरा। शाहगंज क्षेत्र के एक मोहल्ले से युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म के आरोप में मोहल्ले के लोगों ने पंचायत की। पंचों ने अपना फैसला भी सुनाया। आरोपी युवक को पांच जूते मारने और पीड़ित परिवार को 15 हजार रुपये दिलाने की सजा सुनाई। फैसले पर अमल भी किया गया। एक महिला ने युवक को जूते से पीटा। समाज के लोग भी मौजूद रहे। इसका वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। अब पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की तैयारी है।
घटना 25 जुलाई की शाम की है। भोगीपुरा क्षेत्र के एक मोहल्ले की युवती घर से निकली थी। मगर, वापस नहीं आई। रात 9 बजे परिवार के लोग चौकी पर आए। पुलिस से शिकायत की। मोहल्ले के युवक पर आरोप लगाया। इस पर पुलिस पहुंच गई। छानबीन में जुट गई। बताया गया है कि समाज के लोग बीच में आ गए। कहा कि युवती को खुद ही बरामद कर लेंगे। इनमें कथित मौलाना भी शामिल थे। 5 घंटे बाद युवती को वो वापस ले आए। इस पर परिवार की इज्जत का हवाला देकर कार्रवाई रुकवा दी गई। पुलिस ने भी कुछ नहीं किया।
उधर, परिवार के सामने युवती ने कहा कि युवक उसे बहला-फुसलाकर ले गया था। उसे कोल्ड ड्रिंक में नशे का पदार्थ मिलाकर पिला दिया। बेहोश होने पर दुष्कर्म किया। इस मामले पर समाज के कुछ लोगों ने पंचायत की। इसमें फरमान सुनाया गया कि युवक का परिवार पीड़ित परिवार को 15 हजार रुपये देगा। पांच जूते भी मारेंगे। युवती के परिवार की महिला ने युवक पर एक के बाद एक जूते बरसाए। इसके बाद मामला शांत कर दिया गया।
पंचायत के दौरान बनाया गया वीडियो
इस दौरान मोबाइल से वीडियो भी बनाया गया। मंगलवार को वीडियो वायरल हो गया। इसमें एक युवक नीचे बैठा नजर आ रहा है। उसके आसपास लोग खड़े हुए हैं। अचानक एक महिला युवक पर जूते बरसाने लगती है। उसे लोग रोकते हैं। युवक कुछ नहीं करता है। वह चला जाता है। यह वीडियो वायरल होने के बाद युवती के परिवार के लोग मुकदमा दर्ज करने की बात कर रहे हैं। वहीं पंचायत कराने वाले सामने नहीं आ रहे हैं। पूरे मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं।
जांच के आदेश दिए हैं
युवती लापता हुई थी। इसके बाद घर वापस आ गई। मगर, परिवार के लोगों ने लिखित शिकायत नहीं की। बाद में क्षेत्र में पंचायत हुई। इसमें आरोपी युवक को जूते मारने और रुपये देने की बात कही गई है। इसका वीडियो भी सामने आया है। मामले में चौकी प्रभारी को जांच के आदेश दिए हैं। अगर, तहरीर मिलती है तो मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। -मयंक तिवारी, एसीपी लोहामंडी