फतेहपुर सीकरी। कराही के नगला रमले से नौ दिन पहले लापता हुई 13 वर्षीय बालिका मनु को पुलिस ने शुक्रवार को धौलपुर-आगरा मार्ग से बरामद कर लिया। पुलिस ने बालिका को अपने साथ ले जा रहे उसके मौसा को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार, नौ जुलाई को मनु घर में मां की डांट-फटकार और मारपीट से नाराज होकर बिना किसी को बताए घर से निकल गई थी। उसे अपने मौसा प्रदीप का मोबाइल नंबर याद था। उसने मौसा से संपर्क किया, जिसके बाद वह टेंपो से शाहगंज पहुंची। वहां से शास्त्रीपुरम निवासी मौसा प्रदीप पुत्र गोटेलाल उसे अपने साथ घर ले गया। बताया गया कि प्रदीप की कोई संतान नहीं है, इसलिए वह मनु को अपने पास ही रखना चाहता था। पुलिस की सक्रियता बढ़ने पर आरोपी मनु को धौलपुर के मनिया क्षेत्र में अपनी दूसरी साली के घर छिपाकर रख आया। शुक्रवार को प्रदीप मनु को लेकर धौलपुर से आगरा की ओर आ रहा था। पुलिस ने धौलपुर-आगरा मार्ग से दोनों को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, बालिका का मेडिकल परीक्षण कराया है।