फतेहाबाद। थाना निबोहरा क्षेत्र के गांव गढ़ी धर्मजीत में रविवार शाम खेत से मिट्टी उठाने और पशुओं के आने-जाने के विवाद में गोली मारकर युवती की हत्या करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से एक राइफल व भारी मात्रा में कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर सात नामजद सहित चार-पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
थाना निबोहरा क्षेत्र के गांव गढ़ी धर्मजीत निवासी हरेंद्र ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके खेत में पड़ोसी रमेशचंद्र के बीच पशुओं के खेत में आने-जाने को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसी बात से बौखलाकर रविवार शाम करीब 5:00 बजे रमेश, मल्ला देवी पत्नी रमेश चंद, पुरुषोत्तम उर्फ साधु, मिथिलेश पत्नी पुरुषोत्तम, साहब सिंह, प्रताप सिंह, सूखाराम व चार-पांच अज्ञात लोगों ने योजनाबद्ध तरीके से हाथों में राइफल व कट्टा लेकर एक राय होकर घर पर चढ़ाई कर दी। इसी बीच पुरुषोत्तम ने अपने भाई भूपेंद्र की लाइसेंसी राइफल से फायरिंग कर दी, जिससे गोली बृजेश (18) पुत्री राजेंद्र के सिर में लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली लगने से भाई जितेंद्र व पिता अजमेर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें मरणासन्न हालत में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर सभी के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों को पकड़ने के लिए तीन टीमें लगाई थीं। पुलिस ने सोमवार को मुखबिर की सूचना पर थाना क्षेत्र के गांव बींजला मौजा चमरौली के पास से मुख्य आरोपी पुरुषोत्तम, उसके पिता रमेश सिंह, पत्नी मिथिलेश व मां मल्ला देवी को गिरफ्तार कर लिया। पुरुषोत्तम के पास से लाइसेंसी राइफल व 15 कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस ने सभी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस अब सभी आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की तैयारी कर रही है, जबकि अन्य फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस टीमें लगातार संभावित स्थानों पर दबिश दे रही हैं।
रात में पुलिस आयुक्त ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
देर रात करीब 12:30 बजे पुलिस आयुक्त आगरा दीपक कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। डीसीपी पूर्वी अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि बाकी आरोपियों को पकड़ने के लिए तीन टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और सभी के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
पुलिस के साए में हुआ युवती का अंतिम संस्कार
गोली लगने से हुई किशोरी की मौत के बाद सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच युवती का अंतिम संस्कार कराया गया। गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए थाना निबोहरा पुलिस के साथ कई थानों की पुलिस फोर्स और पीएसी बल तैनात रहा।