किरावली फोटो विधायक चौधरी बाबूलाल
- फोटो : Samvad
किरावली। क्षेत्र के ग्राम पंचायत घड़ी जिंदपुरा में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के भाई हरेंद्र सिंह ने पति और ससुराल के अन्य लोगों पर दहेज के लिए मार डालने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। सैंया थाना क्षेत्र के गांव जोनई निवासी हरेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि बहन रीना की शादी ग्राम घड़ी जिंदपुरा के आकाश के साथ एक दिसंबर 2021 को हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ महीने बाद ही ससुरालवाले अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे। रीना पर मायके से दहेज मांगने का दबाव बनाया जाने लगा। इन्कार करने पर उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। 17 नवंबर को रीना की पिटाई कर दी गई। सूचना के बाद मायकेवाले उसकी ससुराल पहुंचे थे। समझा बुझाकर मामले को शांत करा दिया था। आरोप है कि 22 नवंबर को विवाहिता की ससुरालवालों ने फिर पिटाई कर दी। इससे वह गंभीररूप से घायल हो गई। हालत बिगड़ने पर ससुरालवाले भरतपुर उपचार के लिए लेकर गए। जहां विवाहिता की मौत हो गई। मायकेवाले अस्पताल पहुंचे तो रीना मृत मिली। सूचना पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। थाना प्रभारी किरावली ने बताया कि मृतका का पोस्टमार्टम कराया गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।