फतेहपुर सीकरी। कर्नाटक में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मूढ़ा मजदूर की मौत के बाद शनिवार सुबह शव गांव पहुंचते ही कोहराम मच गया। परिजन ने ठेकेदार पर प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप लगाते हुए शव को ठेकेदार के घर के बाहर रख दिया। करीब 10 घंटे तक हंगामा चलता रहा। बाद में संभ्रांत ग्रामीणों की पहल पर मृतक के आश्रितों को आर्थिक सहायता देने की सहमति बनी। इसके बाद परिजन ने शव का अंतिम संस्कार किया।
मंडी मिर्जा खान निवासी अजय कुमार (40 वर्ष) पुत्र गिरिराज सिंह करीब डेढ़ वर्ष पहले गांव के ही ठेकेदार पदम सिंह के साथ मूढ़ा बनाने की मजदूरी करने कर्नाटक गया था। परिजन के मुताबिक, कर्नाटक में काम के दौरान उसकी हालत बिगड़ गई और 11 अगस्त को उसकी संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद परिजन ने ठेकेदार पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। शनिवार सुबह अजय का शव गांव पहुंचा, तो परिजन शव लेकर ठेकेदार पदम सिंह के घर के बाहर पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान ठेकेदार भाग गया। पुलिस और ग्रामीणों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे ठेकेदार को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। कई घंटे तक चली बातचीत और मंत्रणा के बाद संभ्रांत ग्रामीणों ने मृतक के आश्रितों को आर्थिक सहायता दिलाने की सहमति बनाई। इसके बाद परिजन ने शव का अंतिम संस्कार किया। संवाद