फतेहपुर सीकरी। सीकरी स्मारकों के अवलोकन के लिए हजारों की संख्या में पहुंच रहे पर्यटकों को गुलिस्ता पार्किंग से स्मारकों तक जाने के लिए गोल्फ कार्ट के लिए घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है। कई बार तो पर्यटकों में पहले बैठने को लेकर कर्मचारियों से झड़प होती रही। कई पर्यटक अपनी टिकट लौटा कर चले गए।
सीकरी स्मारकों के अवलोकन के लिए आने वाले पर्यटकों के गुलिस्ता वाहन पार्किंग में वाहन पार्क कर यहां से सीएनजी पार्किंग से गोल्फ कार्ट से स्मारक तक जाते है। फिलहाल 22 गोल्फ कार्ट संचालित है जिनमें से चार खराब पड़ी हुई है, कुछ सीएनजी बस भी लगा रखी है। शनिवार को भारी संख्या में पर्यटकों की आवागमन के चलते गोल्फ कार्ट में बैठने के लिए सैकड़ों पर्यटक घंटों तक लाइन में लगे रहे। वहीं कुछ लोग अपने पर्यटकों को लाइन तोड़कर गोल्फ कार्ट में बैठने लगे तो कर्मियों से झड़प हो गई। वहीं, मुंबई से आए डॉक्टर मोहसिन अपने परिजन के साथ टिकट लौटाकर चले गए। सीएनजी पार्किंग ठेकेदार फहीम खान ने बताया कि यकायक पर्यटकों की आमद बढ़ने के चलते यह अव्यवस्था हो हुई है। कुछ गाइड भी लाइन तोड़कर पर्यटकों को बैठा देते हैं।