बाह। जैतपुर के गढ़ीरम्पुरा गांव के राकेश (40) का शव इटावा के हरदासपुरा मोड पर पड़ा मिला था। उसे 3 ठेकेदार ग्वालियर में पुल निर्माण के काम के लिए घर से ले गए थे। पुलिस खंभे से बाइक टकराने से जान जाने की बात कह रही है। परिजन ने ठेकेदारों पर हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया है।
इटावा के हरदास पुरा मोड पर मंगलवार तड़के सड़क किनारे पुलिस को शव पड़ा मिला था। सुबह 11 बजे मृतक की पहचान जैतपुर के गढ़ीरम्पुरा गांव के राकेश (40) पुत्र तेजपाल के रूप में परिजन ने की। पुलिस ने परिजन को बताया बिजली के खंभे से बाइक टकराने से उसकी जान गई है। मृतक के भतीजे धर्म राजपूत ने पुलिस को बताया ग्वालियर में पुल निर्माण में ठेकेदारी करने वाले 3 लोग सोमवार को जबरन राकेश को काम पर ले गए थे। उन्होंने अपने साथ चलने के लिए एडवांस में दिए रुपये बकाया होने का दबाव बनाया था। उन्होंने ठेकेदारों पर हत्या कर शव फेंके जाने का आराेप लगाया है। सिविल लाइन इटावा थाने की पूठन सकरौली पुलिस चौकी के प्रभारी ओंकार सिंह के मुताबिक, मामला सड़क दुर्घटना का सामने आया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन के सुपुर्द कर दिया। परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
इंसेट
पहले बहू खोई अब छिना बेटा, सुधबुध खो बैठी मां
राकेश की पत्नी विमला देवी की प्रसव के दौरान मौत हो गई थी। उसका पहला प्रसव था। पुत्रवधू को खोने वाली त्रिवेणी देवी से बेटा राकेश छिना, तो वह सुधबुध खो बैठी हैं। जब होश आता है, तो बोलती हैं कि बेटे को काल के गाल में धकेलने वालों को उनके किए की सजा मिलनी चाहिए। परिवार मातम में पसरा है। गढ़ीरम्पुरा गांव शोक में डूबा है।