जगनेर। रंधीरपुरा गांव में महज तरबूज तोड़ने और बटाई के पैसों के विवाद को लेकर हुई 11 वर्षीय बच्चे की हत्या से पूरे क्षेत्र में तनाव और शोक का माहौल है। शनिवार सुबह करीब 10 बजे पुलिस सुरक्षा के बीच जब मासूम छोटू का शव पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचा, तो कोहराम मच गया। अपने कलेजे के टुकड़े का लहूलुहान शव देख मां बेसुध हो गई, वहीं पिता और भाई-बहनों की चीख-पुकार से पूरा गांव रो पड़ा।
गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस ने शव को अधिक देर घर पर नहीं रुकने दिया। महज 5-7 मिनट के भीतर ही शव को किवाड़ नदी किनारे ले जाया गया, जहाँ भारी पुलिस बल की मौजूदगी में मृतक के भाई ने उसे मुखाग्नि दी। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर सद्दाम, अरशद, रशीद, आमेर, नदीम और रियाज अहमद सहित 13 लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। डीसीपी आदित्य कुमार ने बताया कि पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि, हत्या की असली वजह और मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें छापेमारी कर रही हैं।
बटाई के रुपयों को लेकर शुरू हुआ था विवाद
जानकारी के मुताबिक, मृतक के पिता नरेश कुशवाह ने अपना 7 बीघा खेत बदायूं निवासी नसरूद्दीन को 24 हजार रुपये प्रति बीघा की दर से बटाई पर दिया था। शुक्रवार सुबह नरेश जब बटाई के 2.70 लाख रुपये मांगने नसरूद्दीन के पास गया, तो दोनों के बीच तीखी कहासुनी हुई। आरोप है कि नसरूद्दीन ने रुपये देने से साफ मना कर दिया था।
इंसेट
तरबूज लेने गया था छोटू, खेत के पास मिली लाश
शुक्रवार दोपहर नरेश का छोटा बेटा छोटू (11) हमेशा की तरह खेत से तरबूज लेने गया था। जब वह देर शाम तक नहीं लौटा, तो परिजनों ने तलाश शुरू की। खेत के पास ही छोटू का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। उसके पास एक थैली में तरबूज और एक चाकू पड़ा था। मृतक सात भाई-बहनों में सबसे छोटा था और राजस्थान के बसेड़ी में कक्षा 3 का छात्र था।
पुलिस-पीएसी के हवाले गांव
11 वर्षीय मासूम छोटू की हत्या के बाद शनिवार को गांव में मातमी सन्नाटा पसरा रहा। पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है और मां की चीत्कार से पूरा गांव गमगीन है। घटना के बाद दो समुदायों के बीच उपजे तनाव को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर गांव को छावनी में तब्दील कर दिया है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस और पीएसी के जवानों की तैनाती की गई है। पुलिस अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और ग्रामीणों से शांति की अपील की जा रही है।
इंसेट
मासूम की हत्या पर हिंदू संगठनों में उबाल
रंधीरपुरा में 11 वर्षीय मासूम छोटू की हत्या के बाद हिंदू संगठनों ने मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी पीड़ित परिवार को ढांढ़स बंधाने गांव पहुंचे। पदाधिकारियों ने घटना पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए वहां मौजूद प्रभारी निरीक्षक से आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। क्षेत्र में बढ़ते आक्रोश को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।