जरार खरीद केन्द्र पर भाकियू ने जड़ा ताला, प्रभारी के बीमार होने से नहीं हो पाई तौल
बाह। जरार के केंद्र पर बुधवार को आखिरी दिन बाजरा की खरीद नहीं हो सकी। खरीद केंद्र प्रभारी उमेश कुमार बीमार हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाजरा की तौल न होने की वजह से जरार के केंद्र पर ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर पहुंचे किसान परेशान रहे। भारतीय किसान यूनियन (सर्वोदय) के जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह चौहान ने स्थानीय प्रशासन से बाजरा की तौल कराने के लिए संपर्क किया। बाजरा की तौल न होने की सूचना पर नायब तहसीलदार दयाचंद पौरुष मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि खरीद केंद्र प्रभारी के बीमार होने की वजह से बाजरा की तौल नहीं हो पाई। इससे नाराज भाकियू ने खरीद केंद्र के प्रवेश द्वार पर ताला जड़ दिया। भानु प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि किसानों की समस्या का समाधान होने पर ही ताला खोला जाएगा। इस दौरान रविंद्र सिंह तोमर, श्रीनिवास, राजीव शर्मा, रमेश आदि मौजूद रहे।