बाह के गुढ़ा गांव में 4 महीने बाद टीकाकरण को पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम
बाह। मध्य प्रदेश के बॉर्डर पर बीहड़ के टीले पर बसे बाह के गुढ़ा गांव में 4 महीने से टीकाकरण न होने का मामला सामने आने पर मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची और 40 महिला, बच्चों और किशोरियों का टीकाकरण किया। गुढ़ा गांव के लोगों ने 4 महीने से टीकाकरण न होने की शिकायत सोमवार को बाह सीएचसी पर पहुंच कर की थी। अधीक्षक डॉ. जितेंद्र वर्मा ने बताया मंगलवार को 14 महिलाओं (गर्भवती, धात्री, लक्ष्य दंपती), 22 बच्चों एवं 4 किशोरियों को रोग निरोधक टीके लगाए गए। बीहड़ के उतार चढ़ाव, ऊबड़ खाबड़ एवं रेतीले रास्ते से गुजर कर स्वास्थ्य विभाग की टीम गुढ़ा गांव पहुंची थी। टीम में एएनएम रूपा, जूली, आशा अर्चना, रीना, आकाश शामिल रहे। संवाद