अछनेरा। ग्राम पंचायत नगला अरुआ के प्रधान महेश चंद ने ब्लॉक मे तैनात एडीओ पंचायत शैलेंद्र सोलंकी पर कमीशन मांगने का आरोप लगाया है। प्रधान का कहना है कि उन्होंने इसकी लिखित शिकायत फतेहपुर सीकरी के भाजपा सांसद से भी की है।
आरोप है कि प्रधान और ब्लॉक के अधिकारियां, कर्मचारियों के सोशल मीडिया ग्रुप पर भी मंगलवार को एडीओ पंचायत ने बैंक का बारकॉड डाला था। इसके बाद प्रधान महेश चंद की ग्रुप में ही एडीओ पंचायत के पांच प्रतिशत कमीशन और अन्य मामलो को लेकर काफी देर तक बहस चली। इस दौरान प्रधान ने कई आरोप लगाए। अपशब्दों का भी प्रयोग किया गया। अधिकारी पर आरोप लगाया गया कि कुछ कहने पर दबंग लोगों की धमकी देते हैं। आवासों पर कमीशन मांगते हैं। सचिव से कहा गया है कि उनकी बगैर सहमति के किसी भी प्रकार भुगतान न किया जाए।
प्रधान महेश चंद ने बताया कि एडीओ पंचायत 5 प्रतिशत मांग रहे हैं। मना करने पर गांव के विरोधियों से शिकायत कराई जाती है। उच्च अधिकारी से जांच कराने की धमकी दी जाती है। वहीं, एडीओ पंचायत शैलेंद्र सोलंकी ने बताया कि प्रधान आरोप गलत लगा रहे हैं। किसी से कोई कमीशन की मांग नहीं की गई है।