अछनेरा। क्षेत्र के फतेहपुरा गांव में बुधवार रात करीब 10 बजे दो भाइयों के बीच मामूली बात पर कहासुनी हो गई। इस दौरान बड़े भाई ने छोटे भाई पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में लहूलुहान भाई को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया।
अछनेरा थाना क्षेत्र के फतेहपुरा गांव निवासी राकेश की पत्नी ने पुलिस को बताया कि बुधवार की रात किसी बात पर पति का अपने बड़े भाई से विवाद हो गया। आरोप है कि कहासुनी के बाद बड़े भाई ने घर में घुसकर राकेश पर हमला कर दिया। पति राकेश के गले पर धारदार हथियार से वार किया। हमले में गंभीर रूप से घायल राकेश के गले पर कटने का गहरा दख्म हो गया। पीड़िता पति को लेकर थाने पहुंची और जेठ के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने घायल को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। थाना प्रभारी ने बताया कि आपसी विवाद में भाइयों के बीच झगड़ा हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी। संवाद