आगरा के अछनेरा के गांव ताजपुर नगरिया में बुधवार रात को जीजा के घर आए 28 वर्षीय ओमप्रकाश की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने घटना के कुछ देर बाद ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों की उम्र 16 साल है। आरोपियों से मृतक का एक सप्ताह पहले उसके दोस्त के सोशल मीडिया पर स्टेटस लगाने पर आरोपियों से विवाद हुआ था। उसने एक आरोपी को थप्पड़ मार दिया। इसी रंजिश में तीन आरोपियों ने घेरकर हत्याकांड को अंजाम दिया। घटना से गांव में तनाव है। इसको देखते हुए पुलिस तैनात की गई।
कुम्हेर, भरतपुर (राजस्थान) निवासी ओमप्रकाश (28) दो साल से अलीगढ़ में मजदूरी कर जीवन यापन कर रहा था। आठ दिन पहले वह ताजपुर नगरिया स्थित अपने जीजा पूरन सिंह के घर रहने आया था। उसके साथ विष्णु ने सोशल मीडिया पर एक स्टेटस लगाया था। इसको लेकर गांव के ही रहने वाले दो किशोरों से विवाद हो गया। पुलिस की जांच में पता चला कि ओमप्रकाश ने एक किशोर को थप्पड़ मार दिया।
विवाद बढ़ता, लेकिन कुछ लोग आ गए। उन्होंने मामला शांत करा दिया। बुधवार रात ओमप्रकाश गांव से टहलते हुए एक किलोमीटर दूर कुलदेवी मंदिर के पास आया था। तभी आरोपी किशोर अपने एक साथी के साथ आए। उनमें गालीगलाैज हुई। तभी एक ने गोली चला दी। घटना की जानकारी पर ग्रामीण पहुंच गए। उन्होंने आरोपी के पिता को पकड़ लिया। उसे पुलिस के हवाले कर दिया। हत्या के बाद गांव में तनाव है। इसको देखते हुए पुलिस तैनात कर दी गई है।
सोशल मीडिया पर स्टेटस लगाने पर विवाद हुआ था। मृतक ने एक आरोपी को थप्पड़ मार दिया। इसी रंजिश में गोली मारकर हत्या की गई है। दो आरोपियों को पकड़ लिया है। तीसरे की धरपकड़ के प्रयास जारी हैं। मृतक के परिजन की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
-आदित्य सिंह, डीसीपी पश्चिम