अफ्रीकी देश कैमरून में फंसा धीरज और उसका परिवार वहां कैसे रह रहा है, इसे लेकर आगरा में उसके परिजन चिंतित हैं। धीरज के पिता डीसीपी से मिलकर न्याय की गुहार लगाएंगे।
अफ्रीकी देश कैमरून में फंसे धीरज जैन के पिता धनपाल जैन बेटे और उसके परिवार की सुरक्षा के बारे में चिंतित हैं। वह मंगलवार को डीसीपी से मिलकर कंपनी के मालिक और उसके तीन कर्मचारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग करेंगे।
विज्ञापन
दयालबाग के खासपुर निवासी धनपाल जैन ने बताया कि उनका बेटा पुणे की एक ट्रैवल्स कंपनी में नौकरी करता था। कंपनी का कांट्रैक्ट खत्म हो गया। इसके बाद उन्हें वापस भारत नहीं आने दिया। उनके वीजा और पासपोर्ट जब्त कर लिए। पिछले साल बेटे और कंपनी के ड्राइवर के साथ लूट हुई थी।
इसकी उन्होंने लोकल पुलिस को रिपोर्ट लिखा दी। धीरज जैन और कार चालक ने अपने बयान दर्ज कराए। इसके बाद वह भारत वापस आ गया। फिर से कैमरून गया। उसी कंपनी में नौकरी की। लेकिन जब उसका कांट्रैक्ट खत्म हो गया। वह देश लौटने को हुआ तो कंपनी के कर्मचारियों ने बेटे और बच्चों के पासपोर्ट और वीजा जब्त कर लिए। उसके घर की बिजली और पानी काट दी। कंपनी ने तीन महीने का वेतन रोक दिया। इससे वह आर्थिक तंगी से जूझ रहा है।
विज्ञापन
धनपाल जैन ने बताया कि कंपनी के मालिक अनिल चंदरानी, मैनेजर दिलीप पेशवानी, मनीष ठाकुर और चंद्रप्रकाश अलवानी बेटे को परेशान कर रहे हैं। उन्होंने चालक के बयान बदलवाकर चोरी का आरोप बेटे पर लगाकर उसे फंसा दिया है। उन्होंने बताया कि वह डीसीपी सिटी से मिलकर चारों के खिलाफ केस दर्ज कराने की अपील करेंगे।