आगरा जिले में आज आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा हुआ। जिसमें एक शख्स की मौत हो गई जबकि महिला सहित दो लोग घायल हो गए हैं। घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आगरा के थाना फतेहाबाद क्षेत्र अंतर्गत आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर आज सुबह ट्रक में पीछे से तेज रफ्तार कार भिड़ गई। हादसे में कार सवार शख्स की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं कार चालक को मामूली चोट आई है।
विज्ञापन
इटावा शहर कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले गोविंद अग्रवाल पुत्र रामदास अग्रवाल अपनी पत्नी सुषमा अग्रवाल के साथ वैगनआर कार से हाथरस जा रहे थे। कार को उनका चालक रितिक पाल पुत्र देवेंद्र पाल निवासी शहराव थाना कोतवाली इटावा चला रहा था। बताया गया है कि फतेहाबाद क्षेत्र अंतर्गत आगरा लखनऊ वे पर चालक द्वारा आगे चल रहे ट्रक में पीछे से टक्कर मार दी, जिससे गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई।
इस हादसे में कार में आगे बैठे गोविंद अग्रवाल की मौत हो गई तथा उनकी पत्नी को गंभीर चोट आई हैं। चालक सुरक्षित है। सूचना पर यूपीडा, एंबुलेंस, पीआरवी 25, चौकी प्रभारी लुहारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। घायल महिला को एंबुलेंस से उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। इसके बाद मृतक का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद क्षतिग्रस्त गाड़ी को पीएनसी क्रेन से थाना फतेहाबाद भिजवाया गया।