Agra Lucknow Expressway Accident
- फोटो : अमर उजाला
लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर फतेहाबाद क्षेत्र में टोल से 200 मीटर आगे शनिवार सुबह भीषण हादसा हुआ। फॉर्च्युनर कार और कंटेनर की आमने-सामने टक्कर हो गई। इसमें कार सवार गाजियाबाद के सिंघल स्टील्स के मालिक नवीन सिंघल (60) और उनके मित्र प्रापर्टी कारोबारी अनिल गोयल (65) की मौत हो गई। चालक सहित दो अन्य घायल हैं। हादसे की जानकारी पर परिजन पहुंच गए। कारोबारी बागेश्वर धाम कन्याओं के विवाह कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।
हादसा सुबह करीब 7:45 बजे एक्सप्रेसवे टोल के 21वें किलोमीटर पर हुआ। हापुड़ के पिलखुआ रोड स्थित पटेल नगर निवासी अनिल गोयल बागेश्वर धाम जा रहे थे। वहां कन्याओं के विवाह कार्यक्रम में शामिल होना था। शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे वो घर से अपनी फॉर्च्युनर कार में दामाद अंशुल मित्तल के साथ निकले थे। गाजियाबाद से अनिल के साथ मित्र नवीन सिंघल भी कार में सवार हो गए। कार गाजियाबाद निवासी श्रीनिवास चला रहे थे।
फतेहाबाद पुलिस ने बताया कि फतेहाबाद टोल पार करने के बाद चले ही थे कि कारोबारी की कार अनियंत्रित होकर लखनऊ वाले मार्ग की ओर आ गई। तभी सामने से आए कंटेनर और कार में आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। कंटेनर भी अनियंत्रित होकर पलट गया। श्रीनिवास के साथ आगे की सीट पर अंशुल बैठे थे, जबकि नवीन और अनिल पीछे की सीट पर थे। हादसे की सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस पहुंच गई। चारों को एसएन मेडिकल काॅलेज इमरजेंसी लेकर आए।
लोहा कारोबारी की उपचार के दौरान मौत
पुलिस ने बताया कि इमरजेंसी में अनिल गोयल को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि नवीन सहित अन्य का उपचार शुरू किया गया। सूचना पर आगरा में रहने वाले कारोबारी के परिजन आ गए। नवीन सिंघल को देहली गेट स्थित अस्पताल ले गए, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। अंशुल का सिकंदरा के निजी अस्पताल और श्रीनिवास का इमरजेंसी में उपचार हो रहा है।
दूसरे मार्ग पर चली गई थी कार
थाना प्रभारी त्रिलोकी सिंह ने बताया कि फतेहाबाद टोल से आगे निकलने पर कुछ दूरी तक डिवाइडर नहीं है। सुबह हल्का कोहरा भी था। आशंका है कि चालक को कोहरे की वजह से सड़क का अंदाजा नहीं लगा और वह लखनऊ वाली लेन में कार लेकर चला गया। हालांकि हादसे की वजह जानने के लिए जांच की जा रही है। परिजन ने अनिल गोयल के शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया।
दो परिवारों में कोहराम
घटना की जानकारी पर लोहा कारोबारी नवीन सिंघल के आगरा में रहने वाले रिश्तेदार राहुल अग्रवाल इमरजेंसी पहुंचे। राहुल ने बताया कि नवीन का गाजियाबाद में लोहे के तार का बड़ा कारोबार है। वह बागेश्वर धाम कन्याओं के विवाह कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। उनकी एक बेटी नेहा है। दामाद अभिषेक का कारोबार है। वह दिल्ली के चितरंजन पार्क इलाके में रहते हैं। अनिल गोयल का हापुड़ में प्रापर्टी का कारोबार है। दोनों परिवारों में घटना के बाद से कोहराम मचा है।