अगस्त का महीना आगरा के पर्यटन उद्योग के लिए खुशखबरी लाने वाला है। 15 जून से बंद चल रही एयर इंडिया की वाराणसी-आगरा-खजुराहो फ्लाइट एक अगस्त से शुरू होने वाली है।
वहीं 10 अगस्त से रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम के तहत जूम एयर कंपनी आगरा से जैसलमेर, बीकानेर तक की उड़ान शुरू करने वाली है। जूम एयर ने एयरपोर्ट अथारिटी आफ इंडिया से खेरिया एयरपोर्ट के लिए सुबह और शाम के लिए दो टाइम स्लॉट मांगे हैं।
एयर इंडिया, एलायंस एयर के बाद जूम एयर आगरा में तीसरे रूट पर विमान सेवा को शुरू करने वाली है। जूम एयर ने 10 अगस्त से उड़ान संख्या जेडओ-111-112 दिल्ली-आगरा-जैसलमेर-बीकानेर-जैसलमेर-आगरा-दिल्ली रूट पर 50 सीटों वाला विमान उड़ाने की जानकारी एयरपोर्ट अथारिटी को दी है।
रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम के तीसरे चरण में तय रूट में जूम एयर दस अगस्त से 23 मार्च, 2020 तक इस उड़ान को चलाएगा। सप्ताह में तीन दिन गुरुवार, शनिवार और रविवार को यह फ्लाइट आएगी।
एक घंटे की उड़ान के लिए रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम में तय 2,500 रुपये तक इसमें किराया होगा, जो अभी तय नहीं किया गया है। कंपनी की वेबसाइट पर अभी इस रूट पर बुकिंग शुरू नहीं हुई है।
ये रहेगा फ्लाइट का शिड्यूल
शहर प्रस्थान शहर आगमन
दिल्ली 7:45 आगरा 8:45
आगरा 9:15 जैसलमेर 10:45
जैसलमेर 11:15 बीकानेर 12:00
बीकानेर 12:30 जैसलमेर 1:15
जैसलमेर 1:45 आगरा 3:15
आगरा 3:45 दिल्ली 4:45
50 सीटों वाला बंबार्डियर विमान चलेगा
जूम एयर दिल्ली-आगरा-जैसलमेर-बीकानेर रूट पर सीआरजे-200 बंबार्डियर विमान चलाएगा, जो 50 सीटों की क्षमता वाला है। 2×2 सीटों वाले विमान के लिए केवल 5,800 फुट लंबा रनवे टेकऑफ के लिए चाहिए। विमान के केबिन की ऊंचाई 6 फुट 2 इंच है। जूम एयर के उलट एलायंस एयर जयपुर उड़ान के लिए एटीआर-72 विमान चला रही है जो 72 सीटों की क्षमता का है।
तीन अगस्त से फिर शुरू होगी एयर इंडिया की उड़ान
15 जून से डेढ़ महीने के लिए केवल आगरा के लिए बंद की गई एयर इंडिया की उड़ान तीन अगस्त से फिर शुरू हो जाएगी। सप्ताह में तीन दिन सोमवार, बुधवार, शनिवार को संचालित होने वाली एआई-405 दिल्ली-वाराणसी-आगरा-खजुराहो उड़ान के लिए एयर इंडिया ने बुकिंग भी शुरू कर दी है।
विनोद कुमार सिंह निदेशक, एयरपोर्ट अथारिटी ऑफ इंडिया ने बताया कि रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम के तहत जूम एयर ने 10 अगस्त से उड़ान का प्रस्तावित शिड्यूल भेजा है। बीकानेर, जैसलमेर जैसे शहरों से आगरा की कनेक्टिविटी हो जाने से इस रूट पर पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।