रामनगर की पुलिया के रहने वाले डा. जय प्रकाश सिंह की बेटी एकता ने तो कमाल ही कर दिया है। उसे 101 वीं रैंक मिली है। उसकी कामयाबी पर पूरा परिवार खुशी से झूम उठा है। वह अपने परिवार और रिश्तेदारी में पहली आईएएस है। इसका श्रेय उसने माता-पिता को दिया है। उसका कहना है कि माता-पिता ने कभी बेटा-बेटी में फर्क नहीं किया। उसने भी कभी खुद को किसी से कम नहीं माना। यही सफलता का मंत्र रहा।
डा. जय प्रकाश सिंह फिरोजाबाद के जिला अस्पताल में तैनात हैं। एकता की मां शशि सिंह उरई में एसीएमओ हैं। केदार नगर निवासी उसके नाना आरआर जाटव जिला जज रहे हैं। सेवानिवृत्त हो चुके हैं। एकता ने 2015 में बीएचयू से बीटेक किया। इसके बाद वह सिविल परीक्षा की तैयारी में जुट गई। दिल्ली में कोचिंग की। अभी भी वहीं पर है।
अगले प्री-एग्जाम की तैयारी कर रही थी लेकिन पिछली परीक्षा में ही उसे 101 वीं रैंक मिल गई। पिता ने फोन पर उसे बधाई दी तो खुशी से झूम उठी। डा. जय प्रकाश ने बताया कि उनकी दो संतान हैं एक बेटा और एक बेटी। एकता बड़ी है। वैभव छोटा है। उन्होंने सुविधाएं देने से लेकर ईच्छा पूरी करने तक में कभी बेटा-बेटी में फर्क नहीं किया।
सिविल परीक्षा में बैठने का फैसला एकता का भी था और हम ( माता-पिता) भी यही चाहते थे। बेटी ने सपना सच कर दिया। उधर, मिलटन पब्लिक स्कूल के प्रबंधक राहुल राज ने कहा कि वह एकता का सम्मान करेंगे। वह इसी स्कूल की छात्रा रही है।