पंजाब पुलिस ने 11 राज्यों के 50 से अधिक जिलों में फैले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। गिरोह का नाम आगरा गैंग है। इसमें आगरा के दवा विक्रेता शामिल हैं। ये ही हर महीने 10 से 12 करोड़ रुपये की नशे की दवाइयां सप्लाई कर रहे थे। आठ हफ्तों तक चली इस कार्रवाई में गिरफ्तार किए गए 20 आरोपियों से 27,62,137 नशीली गोलियां, कैप्सूल, टीके और सिरप बरामद किए गए। 70,03,800 रुपये की ड्रग मनी जब्त की गई। शुक्रवार को इस खुलासे की जानकारी दी गई।
पंजाब के डीजीपी दिनकर गुप्ता ने बताया कि ‘आगरा गैंग’ के नाम से जाना जाने वाला यह गिरोह भारी मात्रा में नशीले पदार्थों को देशभर में फैले ड्रग निर्माता, सप्लायर, थोक विक्रेता और परचून केमिस्ट से लेकर पूरे देश के बाजारों में भेजता रहा है। अब तक गिरफ्तार किए गए लोगों में से 16 पंजाब, 2 यूपी के आगरा और एक-एक हरियाणा व दिल्ली से संबंधित हैं। आगरा से पांच दवा व्यापारी हिरासत में लिए गए थे। तीन को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया था।