रक्षाबंधन पर एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। थाना मलपुरा के गांव लालऊ पुल के पास बृहस्पतिवार रात को एक ईको गाड़ी की टक्कर से स्कूटी सवार पिता-पुत्र की मृत्यु हो गई। घटना के बाद चालक गाड़ी को छोड़कर भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
एसीपी सैंया जसवीर सिंह सिरोही ने बताया कि कागारौल कस्बे के रहने वाले पप्पू और उनका पुत्र सनी सिकंदरा स्थित एक जूता फैक्टरी में काम करते थे। दोनों रात की शिफ्ट में काम करने के लिए गए थे। बृहस्पतिवार रात को एक्टिवा से घर लौट रहे थे। खेरागढ़ रोड पर तेज रफ्तार ईको गाड़ी ने दोनों को सामने से टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि एक्टिवा सवार पिता और पुत्र टक्कर लगने के बाद कई फीट उछलकर दूर जा गिरे। हादसे के बाद जाम लग गया। घायलों को पुलिस एसएन मेडिकल कॉलेज इमरजेंसी में लेकर पहुंची, जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया। चालक भाग निकला। पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में लिया है। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।