आगरा में करवा चौथ पर चूड़ियों का बाजार खनकने जा रहा है। इस दिन अनुमानित पांच करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद है। जो कि बीते वर्ष से डेढ़ गुना अधिक है। चूड़ियों में कुंदन रजवाड़ा स्टाइल की चूड़ियां प्रचलन में है।
इसके अलावा अमेरिकन डायमंड और लाख की चूड़ियां भी पसंद की जा रही है। लुहारगली, शाहगंज, कमला नगर, लोहामंडी, सिंधी बाजार, राजामंडी जैसे बाजारों में खरीदारी के लिए भीड़ उमड़ रही है। त्योहार से एक दिन पूर्व कारोबार अधिक बढ़ने की उम्मीद है।
कुंदन रजवाड़ा चूड़ियां: इस समय कुंदन रजवाड़ा चूड़ियों की मांग हैं। ये देखने में भारी होती हैं। इस साल यह फैशन चलन में है। इसकी कीमत 400 रुपये से शुरू है।
अमेरिकन डायमंड: यह चूड़ियां भी काफी पसंद की जा रही हैं। इस पर जड़ा जाने वाला डायमंड जैसा दिखने वाला नग चमकदार होता है। इसकी कीमत 450 रुपये से शुरू हो जाती है।
लाख की चूड़ियां: यह चूड़ियां रंग-बिरंगी और खूबसूरत होती हैं। बनारसी और सिल्क साड़ी के साथ बेहतरीन लुक देती है। कीमत 150 रुपए से शुरुआत है ।
ग्लॉसी मल्टीकलर चूड़ियां: इन चूड़ियों की खास बात यह है कि यह टूटती नहीं हैं। इसकी फिनिशिंग शानदार होती है। यह कांच और प्लास्टिक दोनों की बनी चूड़ियों पर रगं-बिरंगे चंदेरी लेस से लपेटकर तैयार की जाती हैं। कीमत 100 रुपये से शुरू है।
मेटल की चूड़ियां: कांच से इतर महिलाएं अब मेटल की चूड़ियां भी काफी पसंद करने लगी हैं। यह सस्ती होती हैं। यह सिल्वर और ब्लैक मेटल में भी उपलब्ध हैं। कीमत 25 रुपये से शुरू हो जाती हैं।
बाजार में ग्राहकों का आवागमन बढ़ा
विक्रेता राजेंद्र मित्तल ने कहा कि बाजार में ग्राहकों का आवागमन बढ़ गया है। माहौल को देखते हुए शहरभर से पांच करोड़ का कारोबार होने की उम्मीद है। जो बीते वर्ष से डेढ़ गुना हो सकता है।
बजट के हिसाब से वैरायटी उपलब्ध
विक्रेता आशु दियालानी ने कहा कि पर्व पर चूड़ियों का नया संग्रह काफी पसंद किया जा रहा है। सभी के बजट के हिसाब से कई वैरायटी उपलब्ध है। खरीदारी की शुरुआत हो चुकी है।