ताजनगरी के लोगों के लिए राहत की खबर है। जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने स्पष्ट किया है कि कोई भी स्कूल फीस नहीं बढ़ाएगा। लॉकडाउन के दौरान बच्चों से स्कूल बस और वैन (ट्रांसपोर्टेशन) का चार्ज नहीं लिया जाएगा। फीस देरी से जमा करने पर अभिभावकों पर कोई जुर्माना व ब्याज भी नहीं लगेगा।
उन्होंने कहा कि फीस माफ करने के संबंध में प्रशासन नहीं, सरकार निर्णय करेगी। उन्होंने ये निर्देश इसलिए दिए हैं, क्योंकि कई दिनों से अभिभावक फीस माफी की मांग कर रहे हैं। ऐसी भी शिकायतें आ रही थीं कि स्कूल फीस के लिए दबाव बना रहे हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि यदि कोई स्कूल फीस पर ब्याज मांगे या देरी से जमा करने पर जुर्माना लगाए तो अभिभावक उनसे शिकायत कर सकते हैं। वो कार्रवाई कराएंगे। बता दें कि अभिभावक स्कूल फीस माफ करने की मांग कर रहे हैं। इस बीच प्रशासन ने यह आदेश जारी किया है।