आगरा में ताजमहल के पास ताजगंज क्षेत्र के तांगा स्टैंड, दक्षिणी गेट और पाक टोला के आसपास घरों में काला और बदबूदार पानी आने की शिकायत मिली। वहीं, एमपी पुरा गुम्मट के पास सीवर लाइन के नजदीक पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से गंगाजल सड़क पर बहता रहा।
ताजमहल के पास घरों में पेयजल पहुंचाने के लिए 147 करोड़ रुपये खर्च हो गए। फिर भी सीवर की तरह काला, बदबूदार गंदा पानी पहुंच रहा है। ताज के 500 मीटर दायरे में तांगा स्टैंड, दक्षिणी गेट और पाक टोला के पास घरों में मंगलवार को नल से गंदा जल निकला। इन्हीं घरों के पास ताजगंज में ही गुम्मट के नजदीक सीवर मैनहोल के पास पानी की लाइन टूटने से गंगाजल सड़क पर बहता रहा। जलकल विभाग ने बुधवार को दोनों जगह जांच कराई, जिसके बाद मरम्मत का काम शुरू किया गया है।
विज्ञापन
ताजमहल के पास ताजगंज में मंगलवार को लोग पानी के लिए परेशान रहे। आगरा स्मार्ट सिटी के तहत तीन साल पहले 147 करोड़ रुपये खर्च करके 17,250 घरों में पानी के कनेक्शन दिए गए थे। इनमें एमपी पुरा गुम्मट के पास ताजगंज में गंदे पानी की सप्लाई तीन दिनों से चल रही है। सीवर की तरह काला, बदबूदार, गंदा पानी नल से निकला तो लोगों ने शिकायत की।
क्षेत्रीय निवासी रिजवानउद्दीन ने बताया कि स्मार्ट सिटी में अजब काम किया गया है। सीवर से होकर पानी की लाइनें निकाली गई है। गंगाजल की लाइन फट जाने से सीवर मैनहोल से साफ पानी निकला, जबकि घरों में गंदा सीवर पहुंच रहा है। पाक टोला, दक्षिणी गेट और कटरों में भी गंदे पानी की आपूर्ति की शिकायतें आईं। दक्षिणी गेट निवासी पप्पू ने बताया कि आगरा स्मार्ट सिटी ने ही दोनों लाइनें बिछाई थीं, जिनमें घटिया गुणवत्ता के कारण जलकल विभाग ने हैंडओवर लेने से ही इन्कार कर दिया था। इनकी खामियां लोगों को अब परेशान कर रही हैं।
विज्ञापन
जलकल महाप्रबंधक कुमार गौरव ने बताया कि सीवर लाइन से सटाकर ही पानी की लाइन डाली गई थी, जो क्षतिग्रस्त हुई तो इसका पानी सीवर चैंबर से होकर सड़क पर बहने लगा। इसकी जांच के लिए टीम भेजी गई। मरम्मत जारी है। लीकेज मिल गया है।