आगरा दीवानी में मुकदमे की सुनवाई में आई महिला के साथ पति व अन्य ससुराल वालों ने मारपीट की। थाना ताजगंज क्षेत्र की पंचवटी निवासी कोमल देवनानी ने शाहगंज थाना क्षेत्र के चारबाग निवासी अपने पति पुनीत नथरानी, ससुर राजकुमार नथरानी, सास सपना नथरानी और चचिया ससुर अशोक कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए अदालत में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया।
आरोप लगाया था कि 21 जुलाई को वह दीवानी में अपने मुकदमे की सुनवाई में आई थीं। मुकदमे के संबंध में अधिवक्ता के चैंबर में बात कर रही थीं कि विपक्षियों ने आकर गाली गलौज की और मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। चचिया ससुर ने लात मारकर उन्हें जमीन पर गिरा दिया और फरार हो गए। इस दौरान पर्स भी गायब हो गया। पीड़िता ने मारपीट व अन्य आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कराने के लिए अदालत में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। एसीजेएम 5 पंकज कुमार ने परिवाद दर्ज कर बयान के लिए 26 नवंबर की तारीख तय की है।