आगरा के सदर के सेवला में ढाबा संचालक बीटू लवानिया की हत्या के आरोपी सिपाही जैकी चौधरी को प्रयागराज से गिरफ्तार कर लिया गया। मंगलवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पूछताछ में पता चला कि शराब पार्टी के बाद हुए विवाद में सिपाही ने गोली चलाई थी। ढाबा संचालक के सीने में गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस आरोपी से सरकारी पिस्टल बरामद नहीं कर सकी है।
सेवला निवासी बीटू लवानिया की शुक्रवार रात को हत्या कर दी गई थी। मामले में मधु नगर निवासी प्रयागराज में तैनात सिपाही जैकी चौधरी को नामजद किया गया। एसीपी अमीषा सिंह ने बताया कि पूछताछ में सिपाही ने बताया कि बीटू से उसकी मुलाकात दो साल पहले हुई थी। दोनों के बीच किसी बात पर कहासुनी हो गई थी। तब मामला शांत हो गया था। घटना वाली रात वह दोस्त देवा और रवि के साथ शराब पी रहा था। तभी ढाबा संचालक भी आ गया। उनमें पूर्व में हुई कहासुनी को लेकर विवाद होने लगा। इस बात पर बीटू ने उसे गाली दे दी। वह घर से पिस्टल लेकर आया। बीटू को डराने के लिए फायर किया मगर बीटू नहीं डरा। उसने दोबारा गाली दे दी। उसने सीधे बीटू के सीने में गोली मार दी।
सिपाही जैकी चौधरी पर थाना सदर में वर्ष 2012 में युवती की आत्महत्या के मामले में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। वह युवती से प्यार करता था मगर किसी और से शादी के बाद वह गुजरात चली गई। सिपाही उससे बात करता था। वह गैरहाजिर होकर प्रेमिका के पास गुजरात चला गया। युवती ने आत्महत्या कर ली। परिजन ने शव आगरा लाकर थाना सदर में प्राथमिकी दर्ज कराई। बाद में मुकदमे में राजीनामा हो गया था।