कोहरे के कारण सड़कों पर रेंगकर चले वाहन
शनिवार को आगरा प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा। मेरठ सबसे सर्द शहरों की सूची में दूसरे नंबर पर और अलीगढ़ तीसरे नंबर पर रहा। रात से ही शुरू हुआ कोहरा शनिवार सुबह बेहद घना हो गया।
दिन में सर्द हवाओं के चलने से ठिठुरन बनी रही। बादलों की लुकाछिपी और कोहरे की घनी चादर छाए रहने से दोपहर एक बजे के बाद सूर्यदेव नजर आए। दिन में पारा सामान्य से 7 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया।
शनिवार सुबह घने कोहरे के कारण दृश्यता महज 100 मीटर रही। दोपहर तक कोहरा छाया रहा। दोपहर में सूर्यदेव के निकलने के बाद दृश्यता बढ़ी, लेकिन शाम को पांच बजे के बाद फिर से कोहरा छाना शुरू हो गया।
रात आठ बजे कोहरे के कारण दृश्यता फिर कम हो गई। अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस नीचे 16.6 डिग्री पर रहा, वहीं न्यूनतम तापमान 10 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री नीचे है।