आगरा के सरकारी स्कूल में पढ़ने वाली कक्षा तीन की छात्रा ने स्वच्छ भारत अभियान की पोल खोल कर रख दी है। जगदीशपुरा के प्राचीन कन्या विद्यालय में पढ़ने वाली कक्षा तीन की छात्रा खुशी ने प्रधानाध्यापक को खत लिखा है कि उसका नाम काट दिया जाए।
इसकी वजह स्कूल में टायलेट न होना बताई है। खुशी का यह भी कहना है कि स्कूल में गंदगी रहती है, बदबू आती है, ईंट पत्थरों पर बैठना पड़ता है, इन हालात में पढ़ाई कैसे हो सकती है। बच्ची के इस खत से बेसिक शिक्षा विभाग सकते में है।
कारण यह है कि शौचालय न होने की समस्या एक नहीं, कई स्कूलों की है। इस खत पर खुशी कहती है, खत उसने लिखा है, लेकिन समस्या सभी छात्राओं की है। इस खत पर बेसिक शिक्षा अधिकारी अर्चना गुप्ता का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। समस्या गंभीर है।