आगरा। पुलिस लाइंस में आयोजित तीन दिवसीय 18वीं अंतर जनपदीय फुटबाल एवं वैज्ञानिक अनुसंधान प्रतियोगिता-2026 का शनिवार को समापन हुआ। मुख्य अतिथि अपर पुलिस महानिदेशक, आगरा जोन एसके भगत ने विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, खिलाड़ियों को पदक एवं प्रशस्तिपत्र प्रदान कर सम्मानित किया। समापन समारोह में विभिन्न जनपदों की पुरुष एवं महिला टीमों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया।
फुटबाल प्रतियोगिता में आगरा जोन के आठ जनपदों-आगरा, अलीगढ़, हाथरस, कासगंज, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी और मथुरा की पुरुष एवं महिला टीमों के कुल 196 खिलाड़ियों ने भाग लिया। वहीं वैज्ञानिक अनुसंधान प्रतियोगिता में आगरा, मैनपुरी, हाथरस, अलीगढ़, कासगंज, एटा और फिरोजाबाद के 35 प्रतिभागियों ने अपने शोध और नवाचार प्रस्तुत किए।
पुरुष फुटबाल वर्ग में कमिश्नरेट आगरा ने चल वैजयंती ट्रॉफी जीतते हुए पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि फिरोजाबाद उपविजेता रहा। महिला वर्ग में फिरोजाबाद ने चल वैजयंती ट्रॉफी अपने नाम की, जबकि कमिश्नरेट आगरा उपविजेता रहा।
समारोह में अपर पुलिस महानिदेशक ने कहा कि खेल स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, अनुशासन और टीम भावना का सर्वोत्तम माध्यम हैं। ऐसे आयोजन विभिन्न जनपदों के पुलिस कर्मियों के बीच समन्वय, आपसी सीख और सौहार्द को मजबूत करते हैं। इस अवसर पर पुलिस उपमहानिरीक्षक, आगरा परिक्षेत्र शैलेंद्र कुमार पांडेय, अपर पुलिस आयुक्त सचिंद्र पटेल आदि मौजूद रहे।