आगरा शहर के होनहार मुक्केबाज बृजेश मीणा ने ओलंपिक पदक विजेता और देश के नंबर वन मुक्केबाज विजेंदर सिंह को एक बार फिर मुकाबले की चुनौती दी है।
बृजेश की रैंकिंग दो है। उसका कहना है कि वह पहले पायदान पर आना चाहते हैं। इसके लिए विजेंदर सिंह के खिलाफ रिंग में उतारना चाहते हैं।
तंजानिया, थाईलैंड, फिलीपींस, इंडोनेशिया, अफ्रीका और घाना जैसे देशों के मुक्केबाजों को धूल चटाने वाले इस चैंपियन मुक्केबाज बृजेश मीणा ने ओलंपिक पदक विजेता को दुनिया के किसी भी रिंग में मुकाबला करने की चुनौती दी है।
विजेंदर सिंह
उन्होंने अमर उजाला से बातचीत में इस चुनौती के बारे में बताया। सुपर मिडलवेट मुक्केबाज बृजेश मीणा का कहना है कि रिंग में लड़ने के बाद ओलंपिक पदक विजेता को निश्चित ही अपने नंबर वन पायदान से नीचे खिसकना होगा।
मीणा का दावा है कि विजेंदर दस राउंड में जितने पंच मारते हैं। उतने वह तीन राउंड में मार देते हैं। नाम कमाने की चाह में इस तरह के बयानबाजी के सवाल पर मीणा का कहना है कि सस्ती लोकप्रियता पाने की आदत नहीं है।
विजेंदर सिंह और मेरे आंकड़े स्वयं बता देंगे कि मेरी चुनौती कितनी जायज है। कहना है कि वह उस दिन का इंतजार कर रहे हैं, जिस दिन हम दोनों मुक्केबाज रिंग में दो-दो हाथ कर रहे होंगे।
जान लीजिए इस बॉक्सर के कारनामे
. 2015 में ऑल इंडिया सीनियर चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीता
. 2016 में तंजानिया के बॉक्सर को तीसरे नॉक ऑउट में बाहर किया
. 2016 में थाईलैंड के बॉक्सर को हराकर चैंपियनशिप पर कब्जा किया
. 2016 में फिलीपींस के मुक्केबाज को हराकर डब्ल्यूबीसी एशिया टाइटल जीता
. 2016 में इंडोनेशिया के बाक्सर को हराकर राइज ऑफ इंडिया चैंपियनशिप जीती
. 2017 में अफ्रीका के नंबर वन बॉक्सर को चित्त कर चैंपियनशिप पर कब्जा किया
. 2017 में घाना के नंबर वन मुक्केबाज को नॉक ऑउट कर चैंपियनशिप लीग जीती
. 2017 में डब्ल्यूबीसी एशिया टाइटल जीता। फिलीपींस के मुक्केबाज को हराया
विजेंदर सिंह और बृजेश मीणा की रैंकिंग
. विजेंदर सिंह इंडियन रैंकिंग में नंबर वन और बृजेश मीणा नंबर दो।
. विजेंदर सिंह एशियन रैंकिंग में नंबर दो और बृजेश मीणा नंबर तीन।
. वर्ल्ड रैंकिंग में विजेंदर का 47वां स्थान और बृजेश का 67वां स्थान।
. प्रोफेशनल बॉक्सिंग में विजेंदर ने दस चैंनियशिप जीतीं। बृजेश आठ बार चैंपियन बने।