फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लूट और छेड़छाड़ के आरोपियों को छुड़ाने के लिए दम लगा रहे दो भाजपा विधायक

Tue, 12 Sep 2017 09:25 AM IST
टीम डिजिटल आगरा
विज्ञापन
पुलिस के पास विधायक - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
आगरा में सोमवार को प्रदेश सरकार के प्रवक्ता और ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने कहा कि योगी राज में अपराधियों का राजनैतिक संरक्षण बंद हो गया है। अब गुंडों की पैरवी के लिए थाने में फोन नहीं पहुंचते। इधर, उनकी ही पार्टी के विधायक फोन तो छोड़िए थाने पर धरना देने में जुटे हैं। एक ने घेराव की धमकी पुलिस को दी है।  
विज्ञापन


मामला भी आगरा और फिरोजाबाद से जुड़ा है। इनमें से एक छेड़छाड़ और अपहरण का केस है तो दूसरा लूट के मामले में आरोपी है। हालांकि लूट के आरोपी में मामले में तो विधायकजी अपनी बात से मुकर गए लेकिन छेड़छाड़ और अपहरण के आरोपियों को छुड़ाने के लिए दूसरे विधायकजी ने पूरा दम लगा दिया है।  
 
बता दें कि लूट के आरोप में फिरोजाबाद की थाना मटसेना पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए भाजपा कार्यकर्ता की पैरवी में शिकोहाबाद के भाजपा विधायक डा. मुकेश वर्मा रविवार रात से सोमवार सुबह तक थाने में धरने पर बैठे रहे। 
विज्ञापन


वहीं आगरा में देहली गेट पर होटल मरीना के सामने छह सितंबर की रात फुटपाथ से खिलौने बेचने वाली युवती को कार में खींचने की कोशिश के मामले में उत्तर क्षेत्र के भाजपा विधायक जगन प्रसाद गर्ग आरोपियों की हिमायत में हैं।

यह है पहला मामला

पुलिस के पास विधायक - फोटो : अमर उजाला
बता दें कि लूट के आरोप में फिरोजाबाद की दबरई चौकी के प्रभारी प्रमोद यादव ने रविवार शाम भाजपा नेता पुरुषोत्तम सिंह निवासी आकलपुर को गिरफ्तार किया था। भाजपा विधायक डा. मुकेश वर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष डा. लक्ष्मीनरायन यादव का आरोप है कि चौकी प्रभारी ने वरिष्ठ नेता आरके बघेल से धोखे से प्रतिष्ठान पर बातचीत के बहाने बुला कर पुरुषोत्तम को गिरफ्तार किया है। 

पुरुषोत्तम भाजपा नारखी मंडल की कमेटी का सदस्य है। भाजपा विधायक ने थाना प्रभारी मटसेना केपी सिंह से बात की तो फोन पर नोकझोंक हो गई। रविवार शाम करीब सात बजे विधायक मुकेश वर्मा, लक्ष्मी नरायन यादव, अरविंद्र पचौरी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता थाना मटसेना पहुंच गए।

पुलिस ने पुरुषोत्तम को हवालात में डाला तो विधायक और भाजपा नेता थाना और चौकी प्रभारी पर कार्रवाई करने की मांग करते हुए थाने में धरने पर बैठ गए। एसएसपी अजय कुमार मामले पर नजर रखे रहे, लेकिन थाने नहीं पहुंचे। एसएसपी ने कहा धरना दे रहे लोग लूट के आरोपी को छोड़ने की पैरवी कर रहे हैं। एसएसपी ने मामले की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों के साथ भाजपा के शीर्ष नेताओं को दी। 

विधायक जी का यू टर्न

भाजपा विधायक - फोटो : अमर उजाला
जब लूट के आरोपी की पैरवी करने की बात फैली तो भाजपा विधायक ने किरकिरी से बचने के लिए यू टर्न ले लिया। बोले हम लूट के आरोपी की पैरवी नहीं कर रहे। थाना क्षेत्र में जुआ, सट्टा और अवैध खनन हो रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं को थाने से भगाया जा रहा है। विधायक ने कहा कि थाने पर आंदोलन के लिए यदि मैं दोषी हूं तो हाईकमान कार्रवाई करे। 

सुबह करीब साढे़ नौ बजे नगर विधायक मनीष असीजा और दस बजे एसपी सिटी राजेश कुमार सिंह थाने पहुंचे और भाजपा नेताओं से वार्ता की। जब एसपी सिटी ने आश्वासन दिया कि तीन दिन में जांच करा कर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। तब जाकर विधायक ने धरना खत्म किया और कार्यकर्ता थाने से बाहर आए। वार्ता कक्ष में प्रवेश से रोकने पर भाजपा नेता पुष्पेंद्र पाल की पुलिस से नोकझोंक हो गई।
विज्ञापन

अब पढ़िए आगरा का केस

जगन प्रसाद गर्ग - फोटो : jagan prasad garg
आगरा में होटल किंग्स पार्क के मालिक विपुल बब्बर और छवि ज्वेलर्स के मालिक केशव अग्रवाल बीती छह सितंबर को देहली गेट पर फुटपाथ से लड़की को कार में खींचने का आरोप है। लेकिन आगरा उत्तर के विधायक जगन प्रसाद गर्ग ने आरोप को ही फर्जी बता दिया है। 

उल्टा पुलिस को चेतावनी दी है कि अगर दो दिन के भीतर फुटपाथ से खिलौना बेचने वाले लोग नहीं हटाए गए तो थाने का घेराव किया जाएगा। भाजपा विधायक जगन प्रसाद गर्ग का कहना है कि मैंने सीओ से कहा है कि दो दिन में फुटपाथ खाली कराया जाए, ये लोग पैसा वसूली कर रहे हैं, युवती ने फर्जी आरोप लगाया है।

इस मामले में हरीपर्वत थाना की पुलिस पर पहले से ही आरोपियों को मदद पहुंचाने का आरोप लग रहा है। एक तो मुख्य आरोपी विपुल बब्बर के खिलाफ अपहरण की कोशिश और छेड़छाड़ के बजाय चौथ वसूली का केस दर्ज किया गया। इसमें भी उसे कोर्ट में पेश करने के बजाय थाने से जमानत दे दी। 

दूसरा, पीड़ित युवती ने दूसरी तहरीर में केशव अग्रवाल पर धमकी देने का जो आरोप लगाया, उसे जांच में शामिल नहीं किया। अब विधायक जगन प्रसाद गर्ग ने आरोपियों की हिमायत की है। उन्होंने कहा है कि युवती ने फर्जी आरोप लगाया है। यह भी आरोप लगाया है कि फुटपाथ पर रहने वाले लोग पैसा वसूली कर रहे हैं। साफ गाड़ी पर पानी का स्प्रे करते हैं और पैसा मांगने लगते हैं। उनका यह भी कहना है कि वह पांच साल से इन्हें हटवाने की कोशिश में लगे हैं। उधर विधायक का यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें