आगरा के राजपुर चुंगी निवासी 23 वर्षीय बीकॉम छात्र अजय कुमार की भरतपुर के दर्र बराहना झरने में डूबने से मौत हो गई। दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गए अजय का पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया, जहां रेस्क्यू के बाद उसका शव निकाला गया।
भरतपुर के गढ़ी बाजना थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध मानसूनी पर्यटन स्थल दर्र बराहना झरने में रविवार को पिकनिक मनाने गए राजपुर चुंगी (आगरा) के अजय कुमार की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय तैराकों की मदद से शव निकलवाया। घटना की जानकारी से परिवार में मातम छा गया।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार राजपुर चुंगी, शमसाबाद रोड निवासी अजय कुमार (23) पुत्र विनोद कुमार जैन अपने दोस्तों के साथ रविवार को पिकनिक मनाने के लिए भरतपुर आए थे। वह बीकाम कर रहे थे। सभी वहां स्थित दर्र बराहना झरने पर घूमने के लिए चले गए। इसी दौरान पैर फिसलने से अजय गहरे पानी में डूब गए। सूचना मिलने पर गढ़ी बाजना थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
स्थानीय तैराकों की सहायता से करीब आधे घंटे तक रेस्क्यू चलाया गया। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजन ने लिखित रूप से पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। इसके बाद औपचारिकताएं पूरी कर परिजन शव ले आए। पुलिस के मुताबिक अजय बीकॉम का छात्र था। परिवार में चार भाई-बहन हैं।