आगरा-मथुरा समेत आसपास के 21 जिलों में इलेक्ट्रिक वाहनों को चार्ज करने के लिए 350 ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित होंगे। स्टेशनों का जाल बिछाने के लिए पेट्रोलियम कंपनियों ने दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (डीवीवीएनएल) से संपर्क साधा है। कंपनियों ने मौजूदा पेट्रोल पंपों पर ई-वाहन चार्जिंग स्टेशनों के लिए आवेदन किया है। सरकारी कंपनियों के आवेदनों को बिजली विभाग प्राथमिकता पर लेकर निस्तारित करने में जुट गया है।
विज्ञापन
केंद्र सरकार लगातार इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को बढ़ावा देने का प्रयास कर रही है। इस कवायद में सबसे बड़ा रोड़ा ई-वाहनों की चार्जिंग है। इसी से निपटने के लिए इंडियन ऑयल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत पेट्रोलियम ने आगरा, मथुरा, कासगंज, एटा, फिरोजाबाद हाथरस, अलीगढ़, बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर, कानपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर, उरई, औरेया, इटावा, मैनपुरी, कन्नौज, फर्रुखाबाद और कानपुर देहात में चार्जिंग स्टेशन बनाने की कवायद शुरू की है।
इसके लिए बिजली विभाग के पास कनेक्शन के लिए आवेदन किए गए हैं। एमडी दक्षिणांचल नितीश कुमार ने बताया कि सभी अधिकारियों को इन आवेदनों को प्राथमिकता पर रखते हुए कनेक्शन जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। इनका लगातार रिव्यू भी किया जा रहा है और दो अधिशासी अभियंताओं को आवेदन और निस्तारण समय से कराने के लिए जिम्मेदार दी गई है।
एक्सप्रेस-वे से लेकर हाईवे तक बनेंगे स्टेशन
डिस्कॉम के अधिशासी अभियंता तकनीकी प्रभात सिंह ने बताया कि जो आवेदन आए हैं, उनमें कई बुंदेलखंड, यमुना, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे के अलावा सभी नेशनल व स्टेट हाईवे के हैं। सभी आवेदनों की जल्द से जल्द रिपोर्ट मंगवाकर प्रक्रिया को पूरा किया जा रहा है। वर्तमान में 50 चार्जिंग स्टेशनों के कनेक्शन जारी कर दिए गए हैं। अन्य की भी प्रक्रिया जारी है।