जहां एक तरफ मकर संक्रांति पर प्रदूषण बढ़ा, वहीं सूरज मेहरबान रहा। दिन में धूप निकली लेकिन शीतलहर भी तेजी से चली। आगरा प्रदेश में सातवां सर्द शहर रहा। पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में उत्तर पश्चिमी सर्द हवा सितम ढा रही है। प्रदेश में सबसे सर्द शहर मेरठ रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस पर है।
ताजनगरी में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस कम है। सुबह कोहरा छाया रहा, लेकिन 9 बजे के बाद जैसे जैसे धूप चढ़ती गई, कोहरा भी छंटता चला गया। दिन में पारा 21.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस नीचे है। दोपहर में धूप खिली रही, पर शाम को ठंड का प्रकोप बरकरार रहा।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक अगले तीन दिनों तक शीतलहर बरकरार रहेगी और सुबह तापमान में कमी के आसार हैं। रविवार तक सुबह कोहरा छाया रह सकता है, वहीं कुछ जगह पाला पड़ने के भी आसार बने हुए हैं।