आगरा में स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर बड़े खेल का खुलासा हुआ है। यहां 15 डॉक्टरों के नाम पर 449 अस्पताल रजिस्टर्ड हैं। इस मामले में जब डॉक्टरों के नाम सामने आए, तो उनमें हड़कंप मचा हुआ है।
आगरा में एक-एक डॉक्टर के नाम से कई अस्पताल का खुलासा होने से डॉक्टरों में हड़कंप है। अभी तक 7 डॉक्टरों के जवाब आए हैं, जिसमें से 3 ने शपथपत्र देकर खुद की डिग्री का दुरुपयोग होने की सफाई दी है।
विज्ञापन
सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि 15 चिकित्सकों को नोटिस दिए थे, इसमें से 3 डॉक्टर शपथपत्र और जवाब लेकर कार्यालय आए। उन्होंने खुद की डिग्री के दुरुपयोग का आरोप अराजकतत्वों पर लगाया। उनसे पूछा गया कि लंबे समय से अस्पताल के बोर्ड पर नाम दर्ज होने के बाद भी कैसे जानकारी नहीं हुई। कई बार इस बाबत नोटिफिकेशन भी जारी किया है कि कई चिकित्सक एक से अधिक अस्पतालों में पूर्णकालिक सेवाएं दे रहे हैं, इस पर भी सक्रियता नहीं रही। इस पर संबंधित चिकित्सक टालमटोल करने लगे। इन सभी के खिलाफ रिकाॅर्ड आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।