आगरा। सेना की अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया 1 से 19 अप्रैल तक एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में चलेगी। आयोजन को देखते हुए पुलिस ने रूट डायर्वजन लागू किया है। इसके तहत 31 मार्च से प्रतिदिन शाम 6 बजे से रूट डायवर्ट किया जाएगा। यह व्यवस्था अगले दिन सुबह के 9 बजे तक रहेगी। अवंतीबाई चौराहे से स्टेडियम की तरफ यातायात प्रतिबंधित रहेगा। सदर बाजार और ग्वालियर की ओर जाने वाले वाहन माल रोड से गुजरेंगे। करीब 10 पॉइंट पर यातायात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी रहेगी। बैरियर भी लगाए जाएंगे। भारी वाहन भी बदले मार्ग से गुजरेंगे।
भारतीय सेना की ओर से अग्निवीर भर्ती रैली मुख्यालय भर्ती क्षेत्र (उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड) के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है। इसमें में यूपी के 12 जिलों से लगभग 19 हजार चयनित अभ्यर्थी भाग लेंगे। ये सभी अभ्यर्थी ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम उत्तीर्ण कर चुके हैं। अब शारीरिक, चिकित्सीय एवं दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया में सम्मिलित होंगे।
इसको देखते हुए सेना के साथ की पुलिस-प्रशासन ने भी तैयारी कर ली है। आर्मी इंटेलिजेंस के साथ एसओजी और थाना पुलिस फर्जी अभ्यर्थियों पर नजर रखेगी। जिला प्रशासन की ओर से रैली के सफल संचालन के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। अभ्यर्थियों के लिए टेंट, कूलर, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधा जैसे इंतजाम किए गए हैं। भर्ती कार्यालय की ओर से कहा गया है कि अभ्यर्थी अपने प्रवेशपत्र के अनुसार निर्धारित समय पर उपस्थित हों और सभी आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर आएं।
एसीपी राम प्रवेश गुप्ता ने बताया कि रैली में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों का आना शाम से ही शुरु हो जाएगा। एकलव्य स्टेडियम ग्वालियर रोड पर है। इस कारण मार्ग पर भारी और हल्के वाहन चलते हैं। 31 मार्च की शाम 6 बजे से 19 अप्रैल तक डायवर्जन किया गया है।
इन मार्गों पर किया गया डायवर्जन
यातायात पुलिस ने अग्निवीर भर्ती रैली के दौरान शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी है। एमजी रोड पर भारी वाहनों को पूरी तरह प्रतिबंधित किया गया है। सभी वाहन अलग-अलग मार्गों से निकाले जाएंगे।
भारी वाहनों के लिए व्यवस्था
- भगवान टॉकीज से एमजी रोड और ग्वालियर रोड पर (क्लब चौराहा से रोहता नहर चौराहा तक) भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। भगवान टॉकीज चौराहा से शहर में प्रवेश करने वाले भारी वाहन अन्य वैकल्पिक मार्गों से अपने गंतव्य को जा सकेंगे।
- फतेहाबाद रोड से आने वाले भारी वाहन इनर रिंग रोड होकर फिरोजाबाद, मथुरा और अलीगढ़ जा सकेंगे। शमशाबाद से जवाहर पुल होकर आने वाले भारी वाहन भी इनर रिंग रोड होकर जा सकेंगे।
- ग्वालियर की ओर से शहर में आने वाले भारी वाहन रोहता नहर चौराहा से पथौली होकर और रोहता नहर चौराहा से देवरी पुलिया से जवाहर पुल होते हुए शमशाबाद रोड होकर जाएंगे।
- ग्वालियर रोड से जाने वाले भारी वाहन दक्षिणी बाईपास से अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
- फतेहाबाद रोड, शमशाबाद रोड, यमुना किनारा रोड की ओर से आने वाले भारी वाहन क्लब चौराहा होकर ग्वालियर रोड की ओर नहीं जाएंगे। इन्हें तोरा चौकी, थाना एकता, जवाहर पुल, देवरी पुलिया, रोहता चौराहा होकर जाना होगा।
- मधु नगर चौराहा से सदर बाजार की ओर किसी भी प्रकार के भारी वाहन को नहीं आने दिया जाएगा।
हल्के वाहनों के लिए व्यवस्था
- क्लब चौराहा से अल्लाहबक्श चौराहा से एकलव्य स्टेडियम के सामने सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
- ग्वालियर रोड की ओर से आने वाले हल्के (चार पहिया, तीन पहिया और दो पहिया) वाहन सोलंकी मार्केट चौराहा से डायवर्ट होकर ताराचंद पार्क तिराहा से टैंक चौराहा होकर जा सकेंगे।
- एमजी रोड से सदर बाजार की ओर जाने वाले हल्के वाहन क्लब चौराहा से जीपीओ चौराहा और तारघर चौराहा होकर जा सकेंगे।
- फतेहाबाद रोड, शमशाबाद रोड, यमुना किनारा रोड की ओर से आने वाले हल्के वाहन क्लब चौराहा होकर ग्वालियर रोड की ओर न जाकर तारघर चौराहा से नंद टॉकीज चौराहा, आरएमओ तिराहा, मधुनगर होकर जाएंगे।