आगरा। आरके पुरम, रोशन बाग, दयाल बाग की महिलाओं ने गंगाजल की मांग के लिए मंगलवार को जल निगम कार्यालय, संजय प्लेस पर मटका फोड़ प्रदर्शन किया।
चौधरी रामवीर सिंह और सौरभ चौधरी ने बताया कि दयाल बाग की कॉलोनियों में अमृत योजना के तहत गंगाजल के लिए पाइपलाइन बिछाई गई थी। लेकिन अब तक उनमें गंगाजल नहीं आया। इस मामले में कॉलोनी वासी लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। मंगलवार को भी गंगाजल की मांग के लिए महिलाएं संजय प्लेस स्थित जल निगम कार्यालय पहुंचीं। यहां उन्होंने प्रदर्शन किया और मटके फोड़े।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने चीफ इंजीनियर से मुलाकात करने की मांग की, लेकिन स्टाफ के लोगों ने इनकार कर दिया। इसके बाद महिलाएं ऑफिस के बाहर धरने पर बैठ गईं। जल निगम के अधिकारियों ने घंटों के बाद भी मुलाकात करने से इनकार कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द उन्हें गंगाजल नहीं दिया गया तो वह कमिश्नरी में भूख हड़ताल करेंगे। प्रदर्शन के दौरान सत्यवीर चौधरी, धर्मवीर चौधरी, भूपेश कुशवाह, सावित्री चाहर, वीना त्यागी, कमल कांति श्रीवास्तव, एसपी सिंघल आदि मौैजूद रहे।