आगरा। किसी के कदमों में बचपन की बेफिक्र चंचलता थी तो किसी के हौसले में उम्र के हर पड़ाव को चुनौती देने का अटूट दम। मौका था, रविवार को आगरा ताज हाफ मैराथन की पहली प्रोमो रन का। यहां सात साल के बच्चों से लेकर 77 साल के ऊर्जावान बुजुर्गों तक 1500 से अधिक धावकों ने शिरकत कर अपनी फिटनेस का लोहा मनवाया।
आगरा स्पोर्ट्स फाउंडेशन की ओर से अंतरराष्ट्रीय मैराथन एवं दूरी दौड़, आयोजन संस्था (एम्स) और नगर निगम के सहयोग से इस पांच किलोमीटर लंबी प्रोमो रन का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ दयालबाग स्थित खेलगांव में ट्रस्टी उमेश चंद गुप्ता, मीरा गुप्ता और प्रबंधक दीपक मारू ने हरी झंडी दिखाकर किया।
दौड़ शुरू होने से पहले दीपक नेगी, डॉ. आरती मेहरोत्रा और डॉ. सपना गोयल ने सभी प्रतिभागियों को वॉर्म-अप कराया। इसके बाद ‘जय हो’ की धुनों और ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच धावकों ने जोश के साथ कदम बढ़ाए। खेलगांव से पोइया घाट तक और वहां से वापस खेलगांव तक के मार्ग पर धावकों का उत्साह देखते ही बना।
दौड़ का सबसे बड़ा आकर्षण वे चेहरे रहे, जिन्होंने उम्र को मात दी। सात साल के ऋतिक और प्रिशु ने अपनी नन्हीं चाल से सबका दिल जीता। वहीं 77 वर्षीय डॉ. सरोज प्रशांत ने अपने उत्साह से पूरी दूरी तय कर युवाओं में जोश भरा। जर्मनी के म्यूनिख से आए प्रवासी भारतीय इंजीनियर विकास चौहान ने भी इसमें हिस्सा लिया।
आयोजकों ने बताया कि ताज हाफ मैराथन का चौथा संस्करण 14 फरवरी को होगा, जिसकी थीम ‘रन विद लव’ है। इसका उद्देश्य आगरा से दुनिया को प्रेम और सद्भाव का संदेश देना है। इस दौरान फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. विकास मित्तल, उपाध्यक्ष संदीप ढल, डॉ. संजय गुप्ता, आयोजन समिति के अध्यक्ष महेश सारस्वत, आयोजन सचिव गोपाल शर्मा, भरत सारस्वत, प्रदीप यादव, जय यादव, राज सिंह आदि मौजूद रहे।