कासगंज। जिले में मंगलवार को दोपहर में तेज धूप के बाद रिमझिम बारिश हो जाने से माैसम सुहावना हो गया। अधिकतम पारा एक डिग्री लुढ़क कर 31 डिग्री तक रह गया। लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिल गई। लोग सुकून महसूस करने लगे।
रात में बारिश के बाद सुबह के समय मौसम काफी अच्छा रहा। सुबह के समय न्यूनतम पारा 26 डिग्री रिकाॅर्ड किया गया। हवा के झोंके लोगों को रहत देते रहे, लेकिन 10 बजे के बाद धूप ने तेजी पकड़ ली। तेज खिली धूप लोगों को असहनीय लगने लगी। लोग पसीने से तर-बतर होते रहे। दोपहर एक बजे तक पारा 31 डिग्री तक पहुंच गया, लेकिन कुछ देर बाद ही बादलों ने डेरा डाल लिया और बूंदाबादी शुरू हो गई। इसके बाद रिमझिम फुहारें बरसने लगी।
इसी के साथ मौसम में नमी आ गई और पारा नीचे आने लगा। बारिश होता देख लोग भीगने से बचने के लिए जगह तलाशने लगे। लगभग एक घंटे तक फुहारें पड़ती रहीं। इसके बाद भी बादल छाए रहे। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दो दिनों तक रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी।