आगरा। सेहत और शुद्धता के मानकों पर खरा उतरकर जिले का खाद्य प्रसंस्करण उद्योग अंतरराष्ट्रीय बाजार में पैठ बना रहा है। आगरा का शुद्ध शहद अमेरिका-कनाडा और पनीर नौ देशों में खूब बिक रहा है। सरसों तेल और चकोरी के सफल निर्यात के बाद अब उद्यमी रसोई के मसालों को वैश्विक बाजार में उतारने की तैयारी में हैं।रविवार से शुरू हो रहे यूपी फूड एक्सपो में निर्यात की नई संभावनाएं बनेंगी। चैंबर ऑफ फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष राजकुमार भगत ने बताया कि आगरा का खाद्य उद्योग अब केवल घरेलू बाजार तक सीमित नहीं रहा है। उच्च गुणवत्ता और अंतरराष्ट्रीय मानकों वाली पैकेजिंग के साथ आगरा के डेयरी उत्पाद विदेश जा रहे हैं।
निर्यातक विवेक अग्रवाल के अनुसार शुद्धता और बेहतरीन प्रोटीन क्वालिटी के कारण भारतीय पनीर दुबई, कतर, ओमान, बहरीन, कुवैत, सऊदी अरब, सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया और हांगकांग में खूब पसंद किया जा रहा है।शहद निर्यातक महेंद्र केसवानी ने बताया कि किसानों से संग्रहित शुद्ध शहद को आधुनिक प्लांट में लैब टेस्टिंग के बाद अमेरिका व कनाडा निर्यात किया जा रहा है। वहीं, सरसों तेल के निर्यातक आदित्य राठौर ने बताया कि प्राकृतिक होने के कारण आगरा के सरसों तेल की विदेश में भारी मांग है। कई देशों में नियमित निर्यात के साथ अब नए वैश्विक बाजारों की तलाश की जा रही है।
अरब देशों का रुख करेंगे आगरा के मसाले
आगरा व कासगंज क्षेत्र की चकोरी पहले से ही अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी जगह बना चुकी है। मसाला उद्यमी नितिन गोयल ने बताया कि अब शुद्ध मसालों को अरब और एशियाई देशों में भेजने की तैयारी है। निर्यात संबंधी औपचारिकताएं अंतिम चरण में हैं। 14 से 16 जून तक जेपी पैलेस में आयोजित होने वाले यूपी फूड एक्सपो एंड कॉनक्लेव-2026 में खाद्य प्रसंस्करण निर्यात पर विशेष जोर रहेगा। इस दौरान केंद्र व राज्य सरकार के अधिकारी उद्यमियों को निर्यात अनुदान, सब्सिडी और व्यापारिक योजनाओं की विस्तृत जानकारी देंगे। यह मंच आगरा के उद्यमियों को सीधे विदेशी खरीदारों से जोड़कर ग्लोबल ऑर्डर दिलाने में मील का पत्थर साबित होगा।