किशनी। गांव खिदरपुर की रहने वाली वैजयंती की मौत कीटनाशक पीने की वजह से नहीं हुई थी, पति मोहन लाल ने कहासुनी के बाद गला दबाकर मारा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासे के बाद पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को जेल भेज दिया।
औरैया के गांव मुरचा के रहने वाले सत्यभान प्रजापति ने बृहस्पतिवार को पुलिस को सूचना दी थी कि बहन वैजयंती (50) की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई है। पुलिस जब जांच करने के लिए पहुंची तो पति मोहन लाल ने बताया कि कहासुनी के बाद गुस्से में आकर पत्नी ने कीटनाशक दवा पीकर जान दी है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया था। रिपोर्ट में मौत की वजह गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज करने के बाद शुक्रवार की दोपहर खिदरपुर बॉर्डर के पास से पति मोहन लाल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ करने पर आरोपी ने कबूल किया तो झगडे़ के बाद गुस्से में आकर उसने ही पत्नी वैजयंती की गला दबाकर हत्या की थी। जुर्म कबूल करने के बाद पुलिस ने आरोपी पति मोहन लाल को जेल भेज दिया।