न्याय दिलाने वाले अधिवक्ता की पीड़ा को किसी ने नहीं सुना, तो उसने आत्मदाह का फैसला ले लिया। तहसील में उसने खुद पर पेट्रोल डाल लिया। ये देख पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए। पुलिस कर्मियों ने पेट्रोल की बोतल छीनकर उसे रोक लिया।
मैनपुरी के तहसील घिरोर में मंगलवार की सुबह एक अधिवक्ता ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डाल लिया। आत्मदाह की कोशिश करता देखा वहां तैनात कर्मियों ने हाथ से बोतल छीन ली। अधिवक्ता ने आरोप लगाया कि परिसर में सक्रिय दलालों से परेशान होकर उन्होंने यह कदम उठाया। एसडीएम ने अधिवक्ता को कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
विज्ञापन
कस्बा निवासी अनिल कुमार तहसील घिरोर में अधिवक्ता हैं। मंगलवार की सुबह वह परिसर में अचानक उन्होंने खुद पर बोतल में लाया गया ज्वलनशील पदार्थ उडे़ल लिया। अधिवक्ता को ऐसा करते देख वहां तैनात कर्मी समझ गए कि अधिवक्ता आत्मदाह की कोशिश कर रहे हैं। इस पर भागकर हाथ से बोतल छीन ली और समस्या के बारे में जाना। परेशान अधिवक्ता ने बताया कि तहसील में सक्रिय दलाल अधिवक्ता का कार्य नहीं होने देते।
ये लोग कर्मियों से सांठ गांठ कर मामलों को लटकाए रहते हैं। जिस वजह से उनके वैध कार्य भी नहीं हो पाते। यह लोग लोगों से दलाली करते हैं। उनकी भी एक फाइल काफी समय से दलालों की वजह से लटकी हुई है। कामकाज भी दलालों की वजह से चौपट हो चुका है। जिस वजह से परेशान होकर आत्मदाह की कोशिश की थी। अधिवक्ता ने बताया कि एसडीएम से उनकी बातचीत हुई है। उन्होंने मामले में कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।