मैनपुरी। दीवानी पहुंचे वादकारियों और पैरोकारों की बृहस्पतिवार को दीवानी के मुख्य द्वार पर थर्मल स्क्रीनिंग की गई। अधिक तापमान मिलने पर कई वादकारियों और पैरोकारों को मुख्य द्वार से ही लौटा दिया गया। दस अदालतों में पहले से सूचीबद्ध मामलों की ही सुनवाई की गई।
हाईकोर्ट की गाइडलाइन के तहत दीवानी में बृहस्पतिवार को सूचीबद्ध मामलों की सुनवाई की गई। जिला जज सहित प्रधान न्यायाधीश पारिवारिक न्यायालय, स्पेशल जज एससी/एसटी एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, पॉक्सो एक्ट, ईसी एक्ट, गैंगेस्टर एक्ट, सीजेएम, सिविल जज सीनियर डिवीजन, सिविल जज जूनियर डिवीजन की अदालतों में ही केवल काम हुआ।
शेष अदालतों में मुकदमों में केवल सामान्य तारीखें ही दी गईं। क्रियाशील अदालतों में पीठासीन अधिकारी द्वारा नामित 50 प्रतिशत कर्मचारी ही काम करने पहुंचे। अदालतों में भीड़ को कम करने के लिए मुख्य द्वार पर थर्मल स्क्रीनिंग की गई। स्क्रीनिंग के दौरान जिन वादकारियों अथवा पैरोकारों का तापमान सामान्य से अधिक मिला उनको मुख्य द्वार से ही लौटा दिया गया।