कासगंज। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने विद्यालय न जाने वाले छात्रों पर शिकंजा कस दिया है। 75 प्रतिशत से कम उपस्थिति वाले विद्यार्थी परीक्षा में शामिल नहीं हो सकेंगे। ऐसे विद्यार्थियों को प्रवेश पत्र नहीं दिया जाएगा। जिले में 272 माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट छात्रों के लिए उपस्थिति संबंधी नियमों को और सख्त कर दिया गया है।
इन विद्यालयों में शिक्षारत छात्र-छात्राओं की उपस्थिति को सुधारने के लिए परिषद ने अब कक्षा में 75 प्रतिशत उपस्थिति को अनिवार्य कर दिया है। इससे कम उपस्थिति पर विद्यार्थी को परीक्षा में प्रवेश पत्र नहीं दिया जाएगा। उपस्थिति पर नजर रखने के लिए विद्यालयों को रोजाना उपस्थिति का डाटा बोर्ड के विभागीय एप और वेबसाइट पर अपलोड करना होगा। इसके साथ ही उपस्थिति पत्रक की स्कैन कॉपी भी अनिवार्य रूप से जमा करनी होगी। निगरानी के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक को जिम्मेदारी दी गई है।बोर्ड ने अब प्रवेशपत्र जारी करने से पहले विद्यालयों को छात्रों की उपस्थिति का प्रमाण विभाग को उपलब्ध कराना अनिवार्य कर दिया है। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. इंद्रजीत प्रतिहार ने बताया कि जिन विद्यार्थियों की उपस्थिति 75 फीसदी से कम होगी, उन्हें परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी। विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए गए हैं।