आगरा अनुभाग के सभी डाकघरों में आधार कार्ड बनाए जाने का काम जल्द शुरू होगा। शहर से लेकर देहात तक के सभी डाकघरों में आधार निशुल्क बनाए जाएंगे। इसके लिए अनुभाग के 600 डाक अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया है।
अभी तक आधार कार्ड बनाने का काम प्राइवेट एजेंसियों से कराया जा रहा था। अब डाकघरों में आधार कार्ड बनाए जाने के निर्देश दिए गए हैं। डाक विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले के लगभग 645 डाकघरों में आधार कार्ड बनाए जाने के लिए अलग से काउंटर बनेंगे।
इसके लिए हाल ही में डाक विभाग के 600 अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया था। इसके लिए सभी डाकघरों में किट और कंप्यूटर समेत अन्य जरूरी उपकरणों की खरीद की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आगरा में प्रताप पुरा स्थित प्रधान डाकघर, संजय प्लेस और दयालबाग डाकघरों में भी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।
आधार कार्ड बनाने का काम सबसे पहले इन्हीं डाकघरों से शुरू होगा। उप निदेशक डाक सेवाएं आरबी त्रिपाठी का कहना है कि संभवत: अगले माह से प्रमुख डाकघरों में आधार कार्ड बनाए जाने का काम शुरू हो जाएगा।