कासगंज के सिढ़पुरा क्षेत्र में कालीनदी के समीप कांबिंग करते एडीजी, आईजी, एसपी व अन्य पुलिस अधिकार
- फोटो : KASGANJ
कासगंज के सिढ़पुरा में पुलिस पर हमले की वारदात पर एडीजी और आईजी गंभीर हैं। घटना के बाद से ही एडीजी और आईजी जिले में कैंप किए हैं। बुधवार को एडीजी और आईजी ने पुलिस व पीएसी टीम के साथ आरोपियों की तलाश में खादर में कांबिंग की। इधर, आरोपियों की तलाश में पुलिस की भी तीन टीमें एडीजी के निर्देश पर एसपी ने गठित की हैं।
नगला धीमर और नगला भिकारी के जंगल में अवैध शराब बनने की सूचना पर पहुंचे दरोगा-सिपाही के साथ शराब माफिया ने लाठी-डंडों से मारपीट कर दी थी। देररात सिपाही देवेंद्र सिंह की मौत हो गई। वहीं दरोगा अशोक कुमार की हालत गंभीर है। घटना के बाद आगरा जोन के एडीजी अजय आनंद, अलीगढ़ परिक्षेत्र के आईजी पीयूष मोर्डिया पहुंच गए थे।
उन्होंने अधिकारियों से घटना की जानकारी ली और बुधवार दोपहर दोनों अधिकारी घटनास्थल और मुठभेड़ स्थल पर पहुंचे। घटना के सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने की कार्य योजना अधिकारियों ने तैयार की है। दोनों अधिकारी मॉनिटरिंग कर पल-पल की अपडेट ले रहे हैं।
इधर शेष अपराधियों की गिरफ्तार के लिए थाना सिढ़पुरा, थाना सिकंदरपुर वैश्य की संयुक्त एवं एसओजी व सर्विलांस की अलग अलग टीमें एसपी ने गठित कर दी हैं। यह टीमें भी अलग अलग क्षेत्रों में कांबिंग कर रही हैं और संभावित स्थानों पर दबिश दे रही हैं।