आगरा की जनता ने हिंदू-मुस्लिम एकता का जो उदाहरण पेश किया है, वो पूरे प्रदेश में एक मिसाल है। इसे आगे भी भविष्य में बनाए रखें। यह बातें बृहस्पतिवार को एडीजी अजय आनंद और एसएसपी बबलू कुमार ने कहीं। वो थाना छत्ता के जीर्णोद्धार के बाद उद्घाटन के मौके पर बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून पर लोगों में भ्रम फैलाया जा रहा है। इसे पहले समझें। अपने परिचितों और मोहल्ले के लोगों को समझाएं। यह किसी भारतीय नागरिक की नागरिकता छीनने वाला नहीं है, बल्कि दूसरे देशों से आए लोगों को नागरिकता देने से संबंधित है।
थाना छत्ता के प्रभारी निरीक्षक कक्ष से लेकर मुंशी कक्ष में साज सज्जा की गई है। बृहस्पतिवार को उद्घाटन एडीजी अजय आनंद और एसएसपी बबलू कुमार ने किया। इस दौरान पुलिस अधिकारी, कर्मचारी के साथ विधायक योगेंद्र उपाध्याय और विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल सहित समाज के प्रमुख लोग, भी मौजूद रहे।