सेंट्रल जेल का निरीक्षण करने पहुंचे अपर मुख्य सचिव गृह
- फोटो : अमर उजाला
आगरा के केंद्रीय कारागार में कश्मीर के 26 पत्थरबाज और आतंकियों के आते ही सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है। इसी के चलते रविवार को अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने केंद्रीय कारागार की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ जिले के आला अधिकारी मौजूद रहे।
अपर मुख्य सचिव गृह सीधे उस हाई सिक्योरिटी बैरक के बाहर पहुंचे, जहां कश्मीर से आए 26 पत्थरबाजों को रखा गया है। उन्होंने कैदियों से काफी देर बात की। इसके बाद बैरक के बाहर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। जेल अधिकारियों से जानकारी ली कि कितने सुरक्षाकर्मी ड्यूटी पर लगाए गए हैं।
इसके बाद जेल के अन्य हिस्सों की सुरक्षा के बारे में जानकारी ली। जेल के बाहर बन रहे मोर्चे, बैरियर को देखा। यह भी मालूम किया कि जेल में मुलाकातियों के लिए क्या व्यवस्था है। अपर मुख्य सचिव गृह के साथ एडीजी अजय आनंद, आईजी रेंज ए सतीश गणेश, एसएसपी बबलू कुमार, डीएम एनजी रवि कुमार मौजूद रहे।