न्यू आगरा सुरेश नगर में अनूप गर्ग करीब 3000 वर्गमीटर के भूखंड में काॅलोनी बनवा रहे हैं। इस भूखंड की बाउंड्रीवाल हो रही है और गेट लगा है। बाउंड्रीवाल के अंदर काम किया जा रहा था। कॉलोनी का मानचित्र स्वीकृत नहीं कराया गया था।
आगरा में एडीए ने शुक्रवार को अवैध निर्माण पर कार्रवाई करते हुए न्यू आगरा के सुरेश नगर में तीन हजार वर्ग मीटर के भूखंड पर बनाई जा रही कॉलोनी को सील कर दिया।
विज्ञापन
आगरा विकास प्राधिकरण के सहायक अभियंता केके सारवगी ने बताया कि हरीवर्पत प्रथम वार्ड के न्यू आगरा सुरेश नगर में अनूप गर्ग करीब 3000 वर्गमीटर के भूखंड में काॅलोनी बनवा रहे हैं। इस भूखंड की बाउंड्रीवाल हो रही है और गेट लगा है। बाउंड्रीवाल के अंदर काम किया जा रहा था। कॉलोनी का मानचित्र स्वीकृत नहीं कराया गया था। प्राधिकरण ने नोटिस जारी किया था लेकिन निर्माणकर्ता ने उस पर ध्यान नहीं दिया। इससे काॅलोनी को सील कर दिया गया है। कार्रवाई के दौरान सतेंद्र सोलंकी भी मौजूद रहे।
वहीं शुक्रवार शाम को एडीए उपाध्यक्ष चर्चित गौड़ ने प्रवर्तन कार्यों की समीक्षा भी की। उन्होंने बताया कि एडीए की टीमें छह निर्माण ध्वस्त कर चुकी हैं, जबकि 42 निर्माण सील किए हैं। 71 निर्माणों के विरुद्ध ध्वस्तीकरण आदेश पारित किया है।
एडीए ने लैंड ऑडिट कर 453 भूखंडों का सर्वे कराया है। एडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि कालिंदी विहार, शास्त्रीपुरम, ताजनगरी आदि योजना में 400 प्लाॅट का साइट प्लान तैयार हो चुका है। प्राधिकरण जल्द ही इन 400 भूखंडों की नीलामी की प्रक्रिया आयोजित करेगा।