आगरा। आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) ने शुक्रवार को एत्मादपुर क्षेत्र के मौजा रायपुर में अधिगृहीत भूमि पर कब्जा लेने की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस प्रशासन की टीम ने भारी फोर्स के साथ सुबह ही डेरा डाल दिया।
शुक्रवार सुबह मौके पर पहुंची एडीए की टीम ने आधा दर्जन बुलडोजर किसानों की मेड़बंदी तोड़ने में लगाए। चारों ओर पुलिस बल की तैनाती कर माहौल को नियंत्रण में रखा गया। भूमि पर कब्जा लेने के दौरान स्थिति तनावपूर्ण होती देख प्रशासन ने एत्मादपुर से अतिरिक्त पुलिस फोर्स को बुला लिया।एडीए ने रायपुर और रहनकलां में कुल 444 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया है। बीते दिनों भी जब एडीए की टीम कब्जा लेने पहुंची थी, तब किसानों के विरोध के चलते कार्रवाई रोकनी पड़ी थी। शुक्रवार को दोबारा प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए कब्जे की प्रक्रिया शुरू की।
एसडीएम सुमित कुमार सिंह ने बताया कि एडीए शुक्रवार को 100 हेक्टेयर जमीन पर कब्ज़ा ले चुका है। आगे भी प्रक्रिया जारी रहेगी। इस दौरान तहसीलदार देवेंद्र प्रताप सिंह, एसीपी देवेश कुमार, राजस्व निरीक्षक बच्चू सिंह, लेखपाल प्रमोद कुमार व एडीए की टीम के साथ इंस्पेक्टर एत्मादपुर आलोक कुमार सिंह, खंदौली थानाध्यक्ष राजेंद्र वशिष्ठ और बरहन थानाध्यक्ष गुरविंदर सिंह मौजूद रहे।