कासगंज। रेलवे सुरक्षा बल ने स्टेशन पर चेकिंग अभियान चलाया। होली पर्व नजदीक होने के चलते यात्रियों को यात्रा के दौरान जहरखुरानी से बचने, ट्रेनों में ज्वलनीशल पदार्थ न ले जाने और अनावश्यक चेन पुलिंग न करने के लिए भी जागरूक किया गया।
आरपीएफ प्रभारी आरपी सिंह ने रेलवे सुरक्षा बल के साथ जंक्शन पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान मथुरा, फर्रुखाबाद और बरेली की ओर से आने-जाने वाली ट्रेनों में भी चेकिंग की गई। उन्होंने यात्रियों के बैग, अटैची व अन्य लगेज को चेक किया। वहीं स्टेशन पर बिना वजह घूम रहे लोगों को पूछताछ कर उन्हें स्टेशन के बाहर कर दिया गया।
उन्होंने यात्रियों से कहा कि होली पर्व नजदकी है। पर्व पर जहरखुरानी की घटनाएं बढ़ती हैं। पुरुष यात्री महिला कोच में यात्रा न करें, क्योंकि यह कोच महिलाओं के लिए आरक्षित है। यात्रा के दौरान संदिग्ध या वस्तु मिलने पर इसकी सूचना रेलवे पुलिस को दें। जहरखुरानों से सतर्क रहें और किसी सहयात्री द्वारा दिया गया खाद्य पदार्थ और पेयजल आदि का सेवन न करें। यात्रा के दौरान ज्वलनशील पदार्थ अपने साथ न ले जाएं। वे वजह यात्रा के दौरान चेन पुलिंग न करें। यदि कोई यात्री यात्रा के दौरान बिना करण के चेन पुलिंग करते हुए पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ रेलवे एक्ट की कार्रवाई की जाएगी।